जामताड़ा
जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु भैया की 62वीं जयंती आज मनाई गयी। इस मौके पर विष्णु भैया मेमोरियल फाउंडेशन के द्वारा पटौदिया धर्मशाला में समारोह का आयोजन किया गया। मौक़े पर फाउंडेशन के द्वारा जामताड़ा ज़िले से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और संस्थानों में सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इस मौक़े पर मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या के प्रसिद्ध कथावाचक संत छोटे बापू जी उपस्थित हुए। समारोह को संबोधित करते हुए फाउंडेशन की मुख्य संरक्षक चमेली देवी ने कहा कि रथ यात्रा का यह त्योहार सदैव जामताड़ा के किए दोहरी ख़ुशी लेकर आता रहा है। आज विष्णु भैया की अनुपस्थिति में भी जैसे यहाँ लोग अपने नेता को हृदय में बसाए हुए हैं। उनकी जयंती को एक त्योहार के रूप में मना रहे हैं।

विधायक के कार्यों की चर्चा की
कहा, विष्णु भैया के अधूरे सपनों को सभी को मिल कर पूरा करना है। वहीं संत छोटे बापू ने अपने संबोधन में विष्णु भैया के द्वारा किए गये धार्मिक, सामाजिक कार्यों व मंदिरों के निर्माण का उल्लेख किया। कहा कि विष्णु भैया का पूरा जीवन ही सामाजिक और धार्मिक कार्यों की पूर्ति को समर्पित रहा है। झामुमो के नेता आनंद टुडू ने स्वर्गीय विष्णु भैया के विधायक काल के दौरान किए गए विकास कार्यों व जनता के मुद्दों को लेकर उनके प्रयासों पर प्रकाश डाला। अन्य वक्ताओं ने भी स्वर्गीय विष्णु भैया से जुड़ी अपने यादों को साझा किया। लोगो ने चौक पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधायक को याद किया। इस मौक़े पर रथ यात्रा का विशेष प्रसाद उपस्थित लोगो में वितरित किया गया।
मौके पर ये लोग मौजूद थे
आयोजन में मुख्य रूप से झामुमो नेता आनंद टुडू, झामुमो प्रवक्ता अशोक मंडल, कांग्रेस के पूर्व ज़िला अध्यक्ष प्रभु मण्डल, झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा ज़िला अध्यक्ष देवाशीष मिश्र, सागिर ख़ान, चंचल रॉय, सुभाष मिर्धा, मनोहर राय, राजीव माझीं, साकेत सिंह, कार्तिक मंडल, महेंद्र चौधरी, अभिषेक तिवारी, दीपक दुबे, भूपेश गुप्ता, काजल पाल, जीतू सिंह, आकाश साव सहित शिक्षक संघ, खेल संघ व व्यावसायिक प्रकोष्ठ से जुड़े कई लोग उपस्थित थे।
